कपूरथला, 27 दिसंबर 2025: पंजाब के कपूरथला जिले में शहीद ऊधम सिंह की जयंती के अवसर पर ‘ऊधम सिंह शहीद स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस यूनिवर्सिटी का शुभारंभ पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने किया। कार्यक्रम का आयोजन कंबोज फाउंडेशन के सार्थक प्रयासों से हुआ, जिसकी अगुवाई फाउंडेशन के चेयरमैन एवं यूनिवर्सिटी के फाउंडर चांसलर डॉ. संदीप सिंह कौड़ा ने की।
अमन अरोड़ा ने अपने संबोधन में साहिबजादों, माता गुजरी जी और शहीद ऊधम सिंह की शहादत को नमन करते हुए इस पहल को पंजाब के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर कपूरथला से विधायक एवं पूर्व सांसद राणा गुरजीत सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और यूनिवर्सिटी के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
डॉ. संदीप सिंह कौड़ा ने बताया कि यूनिवर्सिटी का कैंपस आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ब्लॉकचेन से लैस होगा तथा 31 जुलाई 2026 से अकादमिक सत्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां से पढ़कर निकलने वाला कोई भी युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सरबत के भले की अरदास की गई और यूनिवर्सिटी की स्थापना में योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया गया।






