जालंधर, 26 दिसंबर 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ग्रामीण क्षेत्रों में बनाई जा रही लिंक सड़कों की गुणवत्ता में पाई गई अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाया है। चंडीगढ़ जाते समय मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के लिए अपना काफिला रुकवाया और मौके पर डाली जा रही टारमैक की स्वयं जांच की। इस दौरान ठेकेदार भी मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री मान ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता करने पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी समय सड़क की खुदाई कर जांच की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदार द्वारा पहले बनाई गई अन्य सड़कों की गुणवत्ता की भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में सरकार द्वारा तय मानकों की अनदेखी की गई है। इसके चलते ठेकेदार की भुगतान राशि रोक दी गई है और भविष्य में उसे कोई भी कार्य नहीं दिया जाएगा।
भगवंत मान ने साफ कहा कि सरकार सड़क निर्माण के लिए किसी ठेकेदार से रिश्वत नहीं मांगती। उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदार अब भी पुरानी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण में कम गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है तो उसे तुरंत सुधारा जाए, अन्यथा वह स्वयं पूरे पंजाब में सड़कों की गुणवत्ता का निरीक्षण करेंगे।






