नई दिल्ली, 22 दिसंबर 2025: एयर इंडिया की एक उड़ान में एक बार फिर यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई, जब उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई। सोमवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) से मुंबई के लिए रवाना हुई फ्लाइट को एहतियातन वापस दिल्ली लौटना पड़ा। राहत की बात यह रही कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की उड़ान AI 887 सुबह करीब 6:40 बजे दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या का पता चला। टाइम्स नाउ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विमान का दायां इंजन हवा में ही फेल हो गया, जिसके बाद पायलट ने तत्काल दिल्ली लौटने का फैसला लिया।
घटना के बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर पूरी तरह आपातकाल (फुल इमरजेंसी) घोषित कर दी गई। सभी सुरक्षा और आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए गए। विमान ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंडिंग की।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा,
“फ्लाइट AI 887 ने दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। तकनीकी समस्या के चलते, मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) के अनुसार विमान को दिल्ली वापस लाया गया। विमान सुरक्षित रूप से उतरा और सभी यात्रियों तथा चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”
इस घटना के बाद यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। विमानन अधिकारियों द्वारा तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।






