बठिंडा 22 दिसंबर 2025: बठिंडा के मुल्तानिया रोड पर भगवती कॉलोनी के गेट नंबर-2 के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। मृतक की पहचान बेअंत सिंह (37) पुत्र करम सिंह, निवासी बीर रोड गली नंबर-10 के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी बेअंत सिंह रात के समय अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बेअंत सिंह को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद पुलिस विभाग और मृतक के परिवार में शोक की लहर है।






