गांधीनगर/नई दिल्ली, 17 दिसंबर: गुजरात में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजधानी अहमदाबाद के सात नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके अलावा गांधीनगर जिले के कलोल स्थित एक स्कूल को भी इसी तरह की धमकी दी गई है। यह धमकी एक ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसमें दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
स्कूल तुरंत खाली कराए गए
जैसे ही स्कूलों के ई-मेल इनबॉक्स में धमकी भरा संदेश पहुंचा, पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए सभी स्कूलों को खाली करा लिया। स्कूलों में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीमें भी स्कूल परिसरों के बाहर तैनात की गई हैं।
डॉग स्क्वॉड और एसओजी मौके पर, साइबर क्राइम जांच में जुटी
धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वहीं, साइबर क्राइम ब्रांच संदिग्ध ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
वेजलपुर स्थित ज़ायडस स्कूल के बाहर फायर विभाग के चार वाहन, रेस्क्यू वैन और एंबुलेंस तैनात की गई हैं। सुरक्षा कारणों से स्कूल के 50 मीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
इन स्कूलों को मिली धमकी
जिन शैक्षणिक संस्थानों को बम धमकी मिली है, उनमें ज़ेबर स्कूल, ज़ायडस स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, सीबीएसई डिवाइन चाइल्ड स्कूल, निर्माण स्कूल, जैम्स एंड जेनेसिस और डीएवी इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा कलोल स्थित आविष्कार स्कूल को भी धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है।
फिलहाल सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान जारी है और स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।






