चंडीगढ़ 16 दिसंबर:आम आदमी पार्टी पंजाब ने मनरेगा को समाप्त कर उसकी जगह कथित ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ लाने के केंद्र सरकार के कदम की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने इसे देश के करोड़ों ग्रामीण मजदूरों के अधिकार, सम्मान और रोजगार सुरक्षा पर हमला बताया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ‘आप’ प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि यह सिर्फ नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि मनरेगा को योजनाबद्ध तरीके से खत्म करने की कोशिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस नए प्रस्ताव से 12 करोड़ से अधिक मनरेगा जॉब कार्डधारक सीधे प्रभावित होंगे और रोजगार की कानूनी गारंटी कमजोर हो जाएगी।
गर्ग ने आरोप लगाया कि नए बिल में कृषि सीजन के दौरान रोजगार न देने का प्रावधान है और इससे मजदूरों का शोषण बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि खर्च का बोझ राज्यों पर डालकर संघीय ढांचे को भी कमजोर किया जा रहा है।
‘आप’ ने ऐलान किया कि पार्टी के सांसद संसद में इस बिल का जोरदार विरोध करेंगे और पंजाब सरकार भी इस मजदूर विरोधी कदम के खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाएगी।






