अमृतसर, 11 दिसंबर 2025: अमृतसर देहाती पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित हो रहे अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में आकाशदीप सिंह नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब में अवैध हथियारों के कारोबार में सक्रिय था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विदेशी निर्मित अत्याधुनिक पिस्टल, जीवित कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। डीजीपी गौरोव यादव ने बताया कि पुलिस इस नेटवर्क की गहराई तक जाने के लिए जांच जारी रखे हुए है।
चार आधुनिक पिस्टल और गोला-बारूद बरामद
आरोपी आकाशदीप सिंह से पुलिस ने कुल चार पिस्तौलें और गोला-बारूद बरामद किया, जिनमें शामिल हैं—
- 1 ग्लॉक जेन-19 पिस्टल (9mm)
- 1 स्टार-मार्केट पिस्टल (.30 बोर)
- 1 PX5 पिस्टल (.30 बोर)
- 1 अन्य .30 बोर की पिस्टल
- 6 जीवित राउंड (.30 बोर) और 1 मोबाइल फोन
पाकिस्तान बैठे तस्करों से लिंक
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी आकाशदीप के संबंध पाकिस्तान में बैठे हथियार व नशा तस्करों से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार, ये तस्कर पंजाब में हथियार पहुंचाकर दंगे-फसाद करवाने और राज्य की शांति भंग करने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच के जरिए पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
डीजीपी बोले— संगठित अपराध पर कार्रवाई जारी रहेगी
पंजाब के डीजीपी गौरोव यादव ने इस कार्रवाई को राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और हथियार तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
इस गिरफ्तारी से अवैध हथियार सप्लाई चेन को तोड़ने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बड़ी सफलता मिली है।






