नई दिल्ली, 7 दिसंबर 2025: देशभर में इंडिगो एयरलाइंस का परिचालन संकट अभी खत्म नहीं हुआ है, जिसका असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर भी साफ नजर आ रहा है। आज दिल्ली एयरपोर्ट से इंडिगो की कम से कम 109 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस मामले में नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स और COO इसिड्रो पोर्केरास को नोटिस जारी किया है। DGCA ने दोनों अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
DGCA ने अपने नोटिस में कहा कि बार-बार उड़ानों का रद्द होना एयरलाइन की योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर खामियों को दर्शाता है। नोटिस के अनुसार, फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) योजना के सही तरीके से क्रियान्वयन में कमी को इस अव्यवस्था की मुख्य वजह माना गया है।
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और इंडिगो प्रबंधन से इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा की। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।






