Thursday, June 18, 2026
HomeLifestyleगर्मी में घर पर बनाएं नारियल मलाई कुल्फी, स्वाद और ठंडक का...

गर्मी में घर पर बनाएं नारियल मलाई कुल्फी, स्वाद और ठंडक का बेहतरीन संगम

गर्मी का मौसम आते ही ठंडी और स्वादिष्ट चीजें खाने की इच्छा बढ़ जाती है। ऐसे में कुल्फी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। भोजन के बाद ठंडी-ठंडी कुल्फी का आनंद ही कुछ अलग होता है। यदि आप बाजार की आइसक्रीम और कुल्फी से हटकर कुछ नया स्वाद आजमाना चाहते हैं, तो नारियल की मलाई और कच्चे नारियल के गूदे से बनी कुल्फी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

नारियल के गूदे की प्राकृतिक मिठास और खुशबू कुल्फी के स्वाद को खास बना देती है। इसकी मदद से आप घर पर आसानी से कई तरह की मलाई कुल्फी तैयार कर सकते हैं।

नारियल मलाई कुल्फी

एक लीटर दूध को अच्छी तरह उबालकर गाढ़ा कर लें। इसमें स्वादानुसार चीनी और थोड़ा इलायची पाउडर डालकर पांच मिनट और पकाएं। चाहें तो कंडेंस्ड मिल्क भी मिला सकते हैं। नारियल के गूदे का कुछ हिस्सा पीस लें और कुछ बारीक काट लें। दोनों को दूध में मिलाकर कुछ देर और पकाएं। ऊपर से पिस्ता और बादाम के टुकड़े डालें। मिश्रण को कुल्फी के सांचों में भरकर फ्रीजर में रख दें। करीब एक घंटे बाद स्वादिष्ट नारियल मलाई कुल्फी तैयार हो जाएगी।

केसर-नारियल मलाई कुल्फी

यदि आप शाही स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो केसर-नारियल कुल्फी जरूर बनाएं। गाढ़े दूध में केसर भिगोया हुआ पानी और चीनी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। जब दूध में हल्का सुनहरा रंग आ जाए, तब उसमें बादाम, अखरोट, पिस्ता और नारियल का पेस्ट मिला दें। मिश्रण को कुल्फी के सांचों में भरें और ऊपर से पिस्ता छिड़क दें। इसे 7 से 8 घंटे तक फ्रीजर में रखें। जमने के बाद तैयार होगी लाजवाब केसर-नारियल मलाई कुल्फी।

चोको-कोकोनट कुल्फी

बच्चों के लिए यह कुल्फी खास पसंदीदा साबित हो सकती है। दूध को उबालते समय उसमें चीनी के साथ कोको पाउडर या पिघली हुई चॉकलेट मिलाएं और गाढ़ा होने तक पकाएं। मिश्रण ठंडा होने पर उसमें नारियल के गूदे के छोटे-छोटे टुकड़े डाल दें। अब इसे कुल्फी के सांचों में भरकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। हर बाइट में चॉकलेट और नारियल का अनोखा स्वाद मिलेगा।

इस गर्मी घर पर बनी इन खास कुल्फियों के साथ परिवार और मेहमानों को ठंडक और स्वाद का अनोखा अनुभव दें।

 

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments