पेशावर, 18 जून 2026। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मरदान जिले में एक गुरुद्वारे के भीतर सेवादार सिख दंपति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
मृतकों की पहचान जगन्नाथ और उनकी पत्नी आसमा वंती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावर गुरुद्वारे में दाखिल हुए और दंपति पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं, जो हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा के सदस्य सुरेश कुमार ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जांच एजेंसियों को 24 घंटे के भीतर मामले में ठोस प्रगति दिखाने के निर्देश देने की बात कही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए सभी संभावित सुरागों और साक्ष्यों पर काम किया जा रहा है। फिलहाल घटना के पीछे के मकसद का पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।






