Thursday, June 18, 2026
HomeHaryanaएसडीएम आकाश शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फील्ड में...

एसडीएम आकाश शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फील्ड में किया निरीक्षण

 घर-घर सत्यापन कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

टोहाना 18 जून 2026 (संजीव शर्मा) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत एसडीएम आकाश शर्मा ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर घर-घर सत्यापन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा अभियान की प्रगति का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद कर मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

एसडीएम ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानते हुए नई, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से 14 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घर-घर सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता, सटीकता और निर्धारित समयावधि में संपन्न कराया जाए। साथ ही, प्रतिदिन वितरित एवं प्राप्त होने वाले फॉर्मों की नियमित समीक्षा करने, आंकड़ों को समय पर डैशबोर्ड पर अपडेट करने तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

एसडीएम ने फैमिली मैपिंग सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने के लिए भी कहा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करें।

एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि सटीक, शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है और इसके निर्माण में प्रशासन तथा नागरिकों की समान भागीदारी आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments