चंडीगढ़, 18 जून, 2026 : श्री कुमार मेडिकल हॉल ,चंडीगढ़ के सेक्टर-11 पर 13 जून को हुई फायरिंग मामले में शामिल दो गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान आर्यन और सनी मेहरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया था और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए चंडीगढ़ लाया जा रहा था। गुरुवार तड़के धनास क्षेत्र में आरोपियों ने पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों गैंगस्टर घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत उपचार के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच), सेक्टर-16 में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि 13 जून को सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य खुलासे होने की संभावना है।






