महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम, भाजपा संगठन को मिलेगा नया विस्तार: प्रवीण जोड़ा
फ़तेहाबाद 28 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा भाजपा हरियाणा की नई प्रदेश अध्यक्ष के रूप में डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इसी खुशी में आज भाजपा जिला कार्यालय उदय कमल में जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों के साथ पूरे कार्यालय परिसर को उत्साहमयी वातावरण में बदल दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा की कमान सौंपना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व देने वाली पार्टी रही है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं।
प्रवीण जोड़ा ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता एक शिक्षित, अनुभवी, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं। संगठन में लंबे समय तक कार्य करने का उनका अनुभव निश्चित रूप से भाजपा को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा।उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति से हरियाणा भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर उच्च पद तक पहुंच सकता है। भाजपा संगठन हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी मेहनत को प्राथमिकता देता है। पार्टी की यही कार्यशैली उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। बेटियों को आगे बढ़ाने और महिलाओं को सम्मान देने का कार्य भाजपा सरकार ने वास्तविक रूप से किया है। यही कारण है कि आज महिलाएं बड़ी संख्या में भाजपा के साथ जुड़ रही हैं और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा हरियाणा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और आगामी समय में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूती देने का कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा हरियाणा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर सविता टुटेजा, मंजू बाजीगर, पूनम सिंगला, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, जिला सचिव संकेत गर्ग, शम्मी ढींगडा, विक्रम शर्मा, जगदीप मोंगा, भूप सिगड, अमृतपाल खुबर, डॉ रणजीत ओढ, राममेहर धारसूल, बनवारी लाल गहलोत, रामकुमार मेहरा, अशोक कंबोज,अविनाश कंबोज, राजेश कंबोज, राकेश कंबोज, रजत खंडा, नवीश सचदेवा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






