चंडीगढ़, 26 मई 2026: पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने म्यूनिसिपल काउंसिल दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां और शाम चौरासी की आम चुनाव प्रक्रिया के लिए नया चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मई 2026, शनिवार से शुरू होगी। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 3 जून 2026, बुधवार दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है।
नामांकन पत्रों की जांच 4 जून 2026, गुरुवार को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 5 जून 2026, शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
नए चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक म्यूनिसिपल काउंसिल दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां और शाम चौरासी के लिए मतदान 13 जून 2026, शनिवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।
राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित नगर परिषद क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी।