चंडीगढ़,19 मई 2026 : चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीती रात ISBT Sector 43 के पास हुई मुठभेड़ के बाद डोनी बल्ल और मुहब्बत रंधावा गैंग से जुड़े तीन खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए चंडीगढ़ की एसपी गीतांजलि खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदासपुर निवासी 19 वर्षीय प्रभजोत सिंह, तरनतारन निवासी अजेपाल सिंह और अमृतसर निवासी 18 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी कपूरथला में हुए ‘गोपी निज्जर’ हत्याकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं। मुख्य शूटर प्रभजोत सिंह के पास से एक ‘जिगाना’ पिस्तौल बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में मलेशिया से वापस लौटा था।
एसपी गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बंदूक की नोक पर कार लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया। जब पुलिस टीम ने आरोपियों को घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने एक एएसआई पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों तरफ से कुल पांच राउंड गोलियां चलीं। हालांकि इस मुठभेड़ में कोई घायल नहीं हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी गैंगस्टर डोनी बल्ल के संपर्क में थे। पुलिस आज आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी ताकि उनके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।