Saturday, June 6, 2026
HomePunjabयंग नाभाइट्स एसोसिएशन ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अनूठी मिसाल कायम...

यंग नाभाइट्स एसोसिएशन ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अनूठी मिसाल कायम की : राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया

कहा, शिक्षा ही बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाने और समाज को मजबूत बनाने का माध्यम

निर्मल कुटिया खोख-कोटली में यंग नाभाइट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्कूल बैग वितरण समारोह में पहुंचे राज्यपाल

गांव खोख को नशा मुक्त होने के पुरस्कार स्वरूप राज्यपाल ने 3 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की

नाभा, 18 मई,2026 : पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने नाभा के निकट गांव खोख-कोटली स्थित निर्मल कुटिया में यंग नाभाइट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्कूल बैग वितरण समारोह की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा सामाजिक सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने हाल ही में यू.पी.एस.सी. परीक्षा में 15वीं रैंक हासिल कर आईएएस अधिकारी बनी गांव बिरड़वाल की सिमरनदीप कौर को विशेष रूप से सम्मानित किया। उनके साथ विधायक नाभा गुरदेव सिंह देव मान भी मौजूद थे। राज्यपाल ने गांव खोख के नशा मुक्त होने की जानकारी मिलने पर गांव के विकास के लिए 3 लाख रुपये की राशि जारी करने तथा गांव के दोनों सरकारी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित करने का ऐलान किया।

राज्यपाल श्री कटारिया ने कहा कि यंग नाभाइट्स एसोसिएशन द्वारा खोख के दो सरकारी स्कूलों के 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित करना केवल सहायता कार्य नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाती है और समाज को मजबूत बनाती है।

श्री कटारिया ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग, उद्योगपति और सामाजिक संस्थाओं को भी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और कौशल विकास में योगदान देना चाहिए।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने गांव खोख के लोगों की आध्यात्मिक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और नशा मुक्त जीवनशैली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरबाणी से जुड़ाव और सामूहिक सोच ने इस गांव को अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बनाया है।

श्री कटारिया ने निर्मल कुटिया खोख, निर्मल आश्रम और संत बाबा राम सिंह जी द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

राज्यपाल ने कहा कि आज के समय में युवाओं की ऊर्जा को सामाजिक सेवा, शिक्षा और जागरूकता जैसे सकारात्मक कार्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है और यंग नाभाइट्स एसोसिएशन इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक देव मान सहित गांववासियों ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का विशेष सम्मान किया। इस दौरान यंग नाभाइट्स एसोसिएशन के सदस्य, एडीसी (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान, एसडीएम कर्नल एपीएस सोमल तथा हरजोत कौर मावी सहित गांववासी भी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments