महेसाणा। गुजरात में महेसाणा पुलिस ने शादी के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाली एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। गैंग में शामिल एक युवती ने 15 युवकों से शादी कर करीब 52 लाख रुपये और गहने लूटे। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन चांदनी रमेश राठौड़ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला कि चांदनी अपने साथी राजू ठक्कर, मां सविता और सहायक रश्मिका के साथ मिलकर यह ठगी करती थी। शादी से पहले और दौरान वे पीड़ितों से रुपये, गहने और मोबाइल ऐंठ लेते थे। शादी के कुछ दिन बाद चांदनी बहाना बनाकर गायब हो जाती थी, और पैसे मांगने पर पीड़ितों को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी।
गैंग कई जिलों—अहमदाबाद, राजकोट, साबरकांठा, पाटण, गीर-सोमनाथ, खेड़ा, मोरबी आदि—में सक्रिय थी। मामले के उजागर होने के बाद कई अन्य पीड़ित भी सामने आए हैं। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और आगे की जांच जारी है।






