बांसवाड़ा, 17 मई 2026: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से भाजपा संगठन को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला मंत्री अर्जुन मायड़ा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार 52 वर्षीय अर्जुन मायड़ा छोटा सरवण क्षेत्र की चयानबाड़ी ग्राम पंचायत के जूनाखेड़ा गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से घरेलू परेशानियों से जूझ रहे थे।
भाजपा नेताओं के मुताबिक अर्जुन मायड़ा संगठन के सक्रिय और मजबूत कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे। उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह छोटा सरवण के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे और पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा उनका लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़ाव था।
पुलिस के अनुसार अर्जुन मायड़ा ने बीती रात अपने घर के पास एक आम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी तरह के प्रताड़ना या हिंसा से जुड़े स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। मृतक के पुत्र अभिमन्यु की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।