चंडीगढ़, 9 मई 2026: पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार के मुकाबले तापमान में करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि अभी भी पारा सामान्य से लगभग 5 डिग्री नीचे बना हुआ है, जिससे फिलहाल लू जैसी स्थिति नहीं बन रही।
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मई को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 11 से 14 मई के बीच पंजाब के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य पाकिस्तान और पंजाब-राजस्थान क्षेत्र के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तथा हरियाणा से बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक बनी ट्रफ लाइन मौसम में बदलाव का कारण बन रही है।
इसके अलावा 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।






