नई दिल्ली, 9 मई 2026 : अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर दोबारा हुई ईडी छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में ईडी की कार्रवाई राजनीतिक दबाव बनाने के लिए की जा रही है, न कि भ्रष्टाचार उजागर करने के लिए। उन्होंने दावा किया कि कारोबारी अशोक मित्तल के यहां छापे के बाद उन्हें भाजपा में शामिल कराया गया, जबकि संजीव अरोड़ा के भाजपा में शामिल न होने पर दोबारा रेड की गई।उन्होंने कहा कि पंजाब को पानी, पंजाब यूनिवर्सिटी और ग्रामीण विकास फंड जैसे मुद्दों पर लगातार परेशान किया गया है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब अन्याय के खिलाफ डटकर खड़ा होगा।वहीं, अमन अरोड़ा ने भी ईडी, सीबीआई और केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब में कथित 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजीव अरोड़ा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






