लुधियाना, 8 मई 2026 : नेशनल हाईवे-44 पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक चालक ने सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री और मलबे के ऊपर अपना ट्रक चढ़ा दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन वहां किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया गया था। ट्रक चालक ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश से आ रहा था और उसके साथ-साथ एक अन्य ट्रक भी चल रहा था। अचानक सामने मलबा आने पर यदि वह साइड में मुड़ता तो दूसरे ट्रक से टक्कर हो सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थिति को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सीधे सड़क पर पड़े मलबे के ऊपर चढ़ा दिया। चालक ने बताया कि पूरे समय ट्रक पर उसका नियंत्रण बना रहा। हादसे के बाद चालक पूरी तरह सुरक्षित मिला।
इस घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जहां भी निर्माण कार्य चल रहा हो वहां उचित चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा प्रबंध किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।






