शिमला, 8 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन गुरुवार को भारी उत्साह देखने को मिला। राज्य भर में कुल 16,891 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हुई थी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 7 मई से आरंभ हुई, जो 8 मई सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी।
आयोग ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 15 मई दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
तीन चरणों में होने वाले पंचायत चुनावों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।
जिलों में मंडी सबसे आगे रहा, जहां पहले दिन 3,731 नामांकन दाखिल हुए, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 74 नामांकन पत्र जमा हुए। चंबा में 2,067, ऊना में 1,892, हमीरपुर में 1,572, बिलासपुर में 1,459, सोलन में 1,415, कांगड़ा में 1,407 और कुल्लू में 1,383 नामांकन दाखिल किए गए।
सिरमौर में 917, शिमला में 784 और किन्नौर में 190 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि प्रदेशभर में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।






