जालंधर, 07 मई 2026 : पंजाब में सरकारी इमारतों और निजी स्कूलों को मिल रही धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच जालंधर के बीएमसी चौक स्थित APJ स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार स्कूल प्रबंधन को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेज दिया।
धमकी की खबर फैलते ही स्कूल परिसर में दहशत का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच में जुट गईं।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा में लगी एलईडी फ्लैशलाइट फटने की घटना के बाद पंजाब पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि अब तक स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।






