मलेशिया 2 मई 2026: मलेशिया से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हरियाणा के करनाल जिले के एक दंपत्ति ने गिरफ्तारी के डर से 10वीं मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में पत्नी अनुश्का (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति कपिल (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह दंपत्ति करीब ढाई साल पहले टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया गया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी दोनों वहां अवैध रूप से रहकर काम कर रहे थे। इसी दौरान मलेशिया सरकार ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया।
इमिग्रेशन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने उस इमारत पर छापा मारा, जहां यह दंपत्ति रह रहा था। गिरफ्तारी के डर से दोनों ने 10वीं मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में अनुश्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपिल गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चला गया।
मलेशिया पुलिस ने अनुश्का के शव को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया, जबकि कपिल को आईसीयू में भर्ती कराया गया। सामाजिक संगठनों और सरकारी प्रयासों की मदद से अनुश्का के शव को भारत लाया गया। साथ ही, करनाल के गांव सिंघाड़ा निवासी कपिल को भी इलाज के बाद भारत वापस भेज दिया गया।
फिलहाल कपिल का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।






