गुरदासपुर, 2 मई 2026: पंजाब के गुरदासपुर जिले के काहनूवान ब्लॉक के गांव झंडा लुबाणा से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल के छात्र ने कथित तौर पर स्कूल प्रशासन की सख्ती से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय नवजोत सिंह नजदीकी कस्बा दसूहा के एक नामी निजी स्कूल में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि 27 अप्रैल को स्कूल प्रशासन ने उसे किसी मामूली गलती के लिए कड़ी सजा दी और दो पीरियड तक धूप में खड़ा रखा।
इस घटना से मानसिक रूप से परेशान होकर नवजोत सिंह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने नवजोत का अंतिम संस्कार सेहरे से सजा कर किया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में पहुंचे स्कूल के अन्य छात्रों ने भी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए और कथित ज्यादतियों का खुलासा किया।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने मांग की है कि मृतक के परिवार को न्याय दिलाया जाए और दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, भैणी मियां खान के डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






