कहा, पूर्व विधायक द्वारा राजनीति चमकाने के लिए दरवाज़ा बंद होने का नाटक करना निंदनीय
पेंशन संबंधी मुद्दों का समाधान 1076 पर कॉल कर घर बैठे ही होता है: दलवीर सिंह ढिल्लों
धूरी, 27 अप्रैल, 2026 : मुख्यमंत्री सहायता केंद्र धूरी के कार्यालय इंचार्ज दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस के दरवाज़े हर व्यक्ति के लिए हमेशा खुले हैं और अपने काम करवाने के लिए आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार कर उनके काम किए जाते हैं। यह बात दलवीर सिंह ढिल्लों ने पूर्व विधायक धूरी दलबीर सिंह गोल्डी द्वारा कार्यालय का दरवाज़ा बंद होने संबंधी लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कही।
कार्यालय इंचार्ज दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पूर्व विधायक दलबीर सिंह गोल्डी आज कुछ महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस आए थे। उस समय कार्यालय में पहले से ही काफी संख्या में लोग अपने कामों के लिए मौजूद थे। आई हुई महिलाओं को भी पूरे सम्मान के साथ प्रतीक्षा कक्ष में बैठाया गया और उनके काम के बारे में जानकारी ली गई।
उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा पेंशन लगवाने संबंधी बात कही गई, लेकिन उनके द्वारा कोई भी फॉर्म या आवेदन भरा नहीं गया था। इसके बाद कार्यालय स्टाफ द्वारा तुरंत उनके नाम नोट किए गए और यह भी जानकारी दी गई कि पेंशन संबंधी मामलों के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा यह सुविधा 1076 पर कॉल करके घर बैठे ही प्राप्त करने की व्यवस्था दी गई है।
दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पूर्व विधायक द्वारा बिना किसी उचित कारण केवल वीडियो बनाने और अपनी राजनीति चमकाने के लिए यह सारा नाटक किया गया है, जो निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं ने स्वयं बताया कि वे पहली बार मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आई हैं। कार्यालय में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया गया। उन्होंने पूर्व विधायक को इतनी निम्न स्तर की राजनीति न करने की बात कहते हुए कहा कि पूर्व विधायक के पास भी काम करने के लिए पांच वर्ष थे और उनके द्वारा किए गए कार्य सबके सामने हैं, जबकि अब मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान द्वारा किए जा रहे कार्य भी लोग देख रहे हैं, इसलिए इस तरह की छोटी राजनीति करने से बचना चाहिए।






