चंडीगढ़, 21 अप्रैल 2026: पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को इस बार कड़ी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चार दिनों के लिए येलो हीटवेव अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी और कुछ इलाकों में रातें भी सामान्य से अधिक गर्म रहेंगी।
सोमवार के मुकाबले तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। राज्य के 21 जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट एडवाइजरी जारी की है, जिसमें खान-पान, पानी के सेवन और गर्मी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं और चिकित्सा स्टाफ को 24 घंटे तैनात किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। सुबह से ही तेज धूप रहेगी, जबकि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच गर्मी अपने चरम पर होगी।






