डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद, जन सुनवाई के साथ सुनेंगे समस्याएं
टोहाना, 20 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) :जिला प्रशासन की ओर से टोहाना उपमंडल के खंड जाखल के गांव मामुपुर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में 23 अप्रैल (वीरवार) को सायं 5 बजे से रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एसडीएम आकाश शर्मा ने बताया कि रात्रि प्रवास के दौरान डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर ग्रामीणों से समन्वय स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं से अवगत होकर उनका समाधान करवायेंगे।
एसडीएम ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों से संवाद द्वारा अवगत हुई समस्याओं का निवारण मौके पर ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य गांवों में अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में गांव का कोई भी नागरिक इस दिन अपनी समस्या जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे जो मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर सरकार की जनहितकारी नीतियों को प्रदर्शित करने के साथ ही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से विभागीय स्टॉल भी लगाई जाएंगी।






