Sunday, June 7, 2026
HomeNationalवरिष्ठ भाजपा नेता और पत्रकार बलबीर पुंज का निधन, 76 वर्ष की...

वरिष्ठ भाजपा नेता और पत्रकार बलबीर पुंज का निधन, 76 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

 

नई दिल्ली, 19 अप्रैल 2026: वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और प्रख्यात पत्रकार बलबीर पुंज का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें शुक्रवार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे 76 वर्ष के थे।

बलबीर पुंज नोएडा के सेक्टर 17 में निवास करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं, जिनमें से एक विदेश में रहती है, जबकि दूसरी दिल्ली में ही रहती है। हालांकि उनका मूल निवास पंजाब था और वे अक्सर वहां आते-जाते रहते थे। उनकी लेखनी कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और अखबारों में प्रकाशित होती रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई प्रमुख नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बलबीर पुंज का जन्म 2 अक्टूबर 1949 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के लालोवाल गांव में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। वर्ष 1971 में उन्होंने ‘द मदरलैंड’ अखबार से अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की और 1974 में ‘फाइनेंशियल एक्सप्रेस’ से जुड़ गए, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

1990 के दशक के उत्तरार्ध में वे सक्रिय राजनीति में आए और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ गए। हालांकि उन्होंने कभी पंजाब से चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान एक प्रभावशाली नेता और लेखक के रूप में बनी रही।

उनके निधन से राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments