Sunday, June 7, 2026
HomeHaryanaमुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: नांदेड़ के लिए निःशुल्क यात्रा का सुनहरा अवसर,...

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: नांदेड़ के लिए निःशुल्क यात्रा का सुनहरा अवसर, 15 अप्रैल तक करें पंजीकरण

फतेहाबाद, 14 अप्रैल 2026, (संजीव शर्मा) : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत इस बार श्रद्धालुओं को तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब (नांदेड़) के पावन दर्शन कराने का विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत पात्र नागरिकों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बोझ के धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है तथा पारिवारिक वार्षिक आय ₹1.80 लाख से कम है, वे 15 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते पंजीकरण करवाना आवश्यक है, ताकि पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को नांदेड़ के लिए विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 मई को कुरुक्षेत्र से इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि यात्रा सुखद और व्यवस्थित रहे।

डीआईपीआरओ ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना तथा उन्हें आध्यात्मिक शांति और अनुभव प्रदान करना है। यह पहल न केवल बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, बल्कि समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करती है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के बारे में अवश्य जानकारी दें और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत योजना का लाभ उठा सकें।

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments