पुलिस से झड़प; कई कार्यकर्ता हिरासत में
चंडीगढ़, 8 अप्रैल 2026: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में आज भारतीय छात्र संगठन (SOI) के कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। इस दौरान SOI अध्यक्ष राणा रणबीर समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। हालात को काबू में करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने राणा रणबीर सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग और पानी की तोपों की तैनाती कर रखी थी।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री मान ने एक कार्यक्रम के दौरान SOI को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह विरोध प्रदर्शन हुआ।
वहीं दूसरी ओर, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में चंडीगढ़ में अहम बैठक बुलाई गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा के अनुसार, इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में हालिया बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में प्रभावित किसानों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।






