मानवाधिकार आयोग ने निगम को भेजा नोटिस
लुधियाना, 5 अप्रैल 2026: शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित गोल मार्केट के पार्क की बदहाल स्थिति अब कानूनी मोड़ ले चुकी है। नगर निगम लुधियाना की लगातार अनदेखी के चलते पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग (PSHRC) ने सख्त रुख अपनाते हुए निगम कमिश्नर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डाल टाउन मार्केट वेलफेयर सोसाइटी लंबे समय से इस पार्क की खराब हालत को लेकर शिकायतें कर रही थी। सोसाइटी के अनुसार पार्क में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, आवारा कुत्तों का जमावड़ा रहता है और बड़े-बड़े चूहों ने जमीन खोदकर पूरे क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया हुआ है।
सबसे गंभीर बात यह है कि पार्क में लगे राष्ट्रीय ध्वज के ठीक सामने शौचालय बना हुआ है, जिससे हर समय बदबू फैलती रहती है। इसके अलावा शाम के समय असामाजिक तत्व झंडे के नीचे बैठकर शराब पीते हैं, जो राष्ट्रीय प्रतीक का सीधा अपमान है।
सोसाइटी ने 9 मार्च 2026 को मेयर और निगम कमिश्नर से व्यक्तिगत रूप से मिलकर ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब नगर निगम ने आयोग द्वारा मांगी गई रिपोर्ट पेश नहीं की, तो आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस संत प्रकाश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
आयोग ने कहा कि अब प्रोटेक्शन ऑफ ह्यूमन राइट्स एक्ट, 1993 की धारा 16 के तहत नोटिस जारी करना आवश्यक हो गया है। कमिश्नर को यह स्पष्ट करना होगा कि आदेशों की अनदेखी करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।
मामले की अगली सुनवाई 12 जून 2026 को तय की गई है। आयोग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा फैसला लिया जाएगा।
मार्केट सोसाइटी के प्रधान दलजीत सिंह और अन्य सदस्यों ने आयोग के इस कदम का स्वागत करते हुए मांग की है कि हॉर्टिकल्चर विभाग तुरंत पार्क का सुधार और सौंदर्यीकरण करे, ताकि बच्चे यहां खेल सकें और बुजुर्ग फिर से सैर कर सकें।






