फिरोजपुर, 28 मार्च 2026: डेरा ब्यास जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग ने विशेष रेल सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है।
फिरोजपुर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैणी के अनुसार, Indian Railways ने हजरत निजामुद्दीन-ब्यास और सहारनपुर-ब्यास के बीच विशेष मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
हजरत निजामुद्दीन-ब्यास-हजरत निजामुद्दीन (04451/04452) स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए दो फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04451, हजरत निजामुद्दीन से 23 अप्रैल और 7 मई 2026 को शाम 7:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे ब्यास पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04452, 26 अप्रैल और 10 मई 2026 को रात 8:35 बजे ब्यास से चलकर सुबह 4 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली, सब्जी मंडी, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके अलावा सहारनपुर-ब्यास-सहारनपुर (04565/04566) स्पेशल ट्रेन तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04565, सहारनपुर से 24 अप्रैल, 1 मई और 8 मई 2026 को रात 8:50 बजे रवाना होकर तड़के 2:15 बजे ब्यास पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 04566, 26 अप्रैल, 3 मई और 10 मई 2026 को ब्यास से दोपहर 3 बजे चलकर रात 9:10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेनें यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर सिटी स्टेशनों पर भी ठहरेंगी।
रेलवे के इस फैसले से सत्संग के दौरान होने वाली भारी भीड़ से राहत मिलेगी और श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी सुविधा होगी।






