Saturday, June 6, 2026
HomePunjabपंजाब में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, कई शहरों में पंप सूखे; सरकार ने...

पंजाब में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, कई शहरों में पंप सूखे; सरकार ने लोगों से न घबराने की अपील की

पंजाब, 28 मार्च 2026: अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। राज्य के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बन गया है।

शनिवार को अमृतसर के रानी बाग स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके चलते पंप मालिकों को नोटिस लगाना पड़ा। इससे पहले जालंधर और लुधियाना के दो पेट्रोल पंप भी सूख चुके हैं।

इसी बीच मोगा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप मालिकों को एडवाइजरी जारी कर ड्रम, बोतल और कैन में डीजल भरने पर रोक लगा दी है। विभाग का कहना है कि यह कदम जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए उठाया गया है।

हालांकि, पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि डीजल का उपयोग मोटर, पंप, जनरेटर और अन्य मशीनों में होता है, जिन्हें पंप तक लाना संभव नहीं है। इससे लोगों में घबराहट और परेशानियां बढ़ सकती हैं।

लुधियाना के भारत नगर चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप शुक्रवार को बंद कर दिया गया था। शहर में अब तेल केवल वाहनों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है और कैन आदि में बिक्री बंद कर दी गई है। चंडीगढ़ में भी ड्रमों में डीजल की बिक्री रोक दी गई है।

हालांकि पठानकोट और मोहाली में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।

इस बीच मंत्री संजय अरोड़ा ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि पेट्रोल और डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि एलपीजी आपूर्ति जरूर प्रभावित हुई है और इस समय केवल 20 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी उपलब्ध है। सरकार प्राथमिकता के आधार पर हॉस्टल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं में इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। पाइप गैस की कोई कमी नहीं है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये की कटौती की है। इसके तहत पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दी गई है। हालांकि, इस कटौती के बावजूद खुदरा कीमतों में कमी की संभावना नहीं है।

सरकार का यह कदम तेल कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के दबाव से बचाने और घरेलू स्तर पर कीमतों में अचानक बढ़ोतरी रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments