चंडीगढ़, 23 मार्च 2026: भगवंत सिंह मान ने आज मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के इस्तीफे के बाद बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और “मंत्री हो या संतरी, कानून सबके लिए एक समान है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी और यह पहला मामला नहीं है, जिसमें सख्त कार्रवाई की गई हो। उन्होंने यह भी दोहराया कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। यह विवाद पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, अमृतसर के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा से जुड़े मामले के बाद सामने आया था, जिसने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी।
इस मामले में पंजाब पुलिस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री भुल्लर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और पीए दिलबाग सिंह को भी मामले में नामजद किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
सरकार के इस रुख से साफ संकेत मिलते हैं कि पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान और तेज होने वाला है।






