डीसी डॉ. विवेक भारती व एसपी सिद्धांत जैन ने की ग्रामीणों की सार्वजनिक व व्यक्तिगत शिकायतों की सुनवाई
अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया गांव के विकास में अपना सहयोग देने का आह्वान
जरूरतमंद नागरिक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं
गांव में पहुंच डीसी व एसपी ने युवाओं को किया सकारात्मक संदेश के साथ जीवन मे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित
फतेहाबाद, 20 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन फतेहाबाद ने गुरुवार की सायं से जिला के भट्टू खंड के गांव शेखुपुर दड़ौली स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। डीसी डॉ. विवेक भारती व एसपी सिद्धांत जैन ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया। गांव में पहुंच डीसी व एसपी ने युवाओं को सकारात्मक संदेश के साथ जीवन मे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जनसेवा को समर्पित हो कार्य कर रही सरकार : डीसी
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से रूबरू होते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार उनकी जन सुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखें, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। गांव के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव की साफ-सफाई रखना हमारे हाथ में है। अपने आसपास के परिवेश में गंदगी का आलम न बनने दें।
सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं ग्रामीण : डीसी
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीसी डॉ. भारती ने कहा कि जरूरतमंद पात्र लोगों के कल्याण के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद लोगों को लेना चाहिए। योजना की जानकारी लेने के लिए वे संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि आजकल सभी योजनाएं परिवार पहचान पत्र के साथ में जुड़ी हुई हैं। सरकार द्वारा सभी जरूरी सेवाएं ऑनलाइन की गई हैं, सरकार का उद्देश्य है कि पारदर्शिता के साथ जरूरतमंद और पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे रूप से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं कि वे नागरिकों के समक्ष योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आने दें।
गांव में ड्रग्स की बिक्री से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें : एसपी
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान एसपी सिद्धांत जैन ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की प्रवृत्ति को हरहाल में रोकना है। इसके लिए प्रशासन और आमजन को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी व्यक्ति द्वारा ड्रग्स बेचे जाने की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते उस पर ठोस कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह भी स्वयं अपने बच्चों की निगरानी जरूर रखें, बच्चों को समझाएं कि नशा न केवल शरीर का नाश करता है बल्कि जीवन को तबाह कर देता है। नशा समाज और देश के लिए घातक है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल की गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन :
डीसी डॉ. विवेक भारती ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, हर घर हर ग्रहणी योजना, निरोगी हरियाणा, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र ,जल संरक्षण अभियान, निपुण हरियाणा आदि योजनाओं पर केंद्रित स्टोल का निरीक्षण करते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया।
अधिकारियों का हुआ गांव मे भव्य स्वागत :
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की तरफ से सभी अधिकारियों का स्वागत किया गया। ग्राम पंचायत ने आलाधिकारियों को गांव की मागों को लेकर मांगपत्र सौंपा। इसके साथ ही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे गांव में ड्रग्स आदि नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने में जिला प्रशासन का हर संभव सहयोग करेंगे।
यह रहे मौजूद :
इस अवसर पर एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, सीईओ डीआरडीए सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीडीपीओ अनूप सिंह सहित सरपंच सुमन भदरेचा, अमर सिंह, मानसिंह भदरेचा सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
————






