टोहाना, 9 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को टोहाना में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम आकाश शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया।
एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि सरकार की जनहितैषी नीतियों के अनुरूप प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर शीघ्रता से किया जा सके। समाधान शिविर इसी उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और उन्हें त्वरित राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित दो आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों को तुरंत संबंधित विभागों को फॉरवर्ड कर दिया गया है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र में आय से संबंधित त्रुटियों को ठीक करवाने, नए सदस्यों को जोड़ने, राशन कार्ड, बिजली विभाग तथा पुलिस विभाग से संबंधित समस्याएं भी प्राप्त होती हैं। इन शिकायतों को संबंधित विभागों को मौके पर ही अग्रेषित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जा रहा है और लोगों को पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन का लाभ मिल रहा है।
एसडीएम आकाश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और तय समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।






