अमृतसर, 03 मार्च 2026: दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पंजाब के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आ रहा है। भारतमाला परियोजना के तहत इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। बताया जा रहा है कि संगरूर और मलेरकोटला क्षेत्रों में इसका काम लगभग पूरा हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिली है।
इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से पंजाब से दिल्ली तक की यात्रा बेहद आसान हो गई है। पहले जहां दिल्ली पहुंचने में लगभग 6 से 7 घंटे लगते थे, वहीं अब यह दूरी केवल ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा रही है। हालांकि अभी इसका आधिकारिक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन लोगों ने इस मार्ग का उपयोग करना शुरू कर दिया है।
करीब 600 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को अमृतसर और जम्मू-कश्मीर के कटरा से जोड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली से कटरा तक की यात्रा लगभग छह घंटे में संभव हो जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दूरी लगभग 139 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों के समय की बचत होगी और ईंधन की खपत भी कम होगी।






