चंडीगढ़, 03 मार्च 2026: पंजाब सरकार राज्य में 17,000 पदों पर भर्ती करने जा रही है, जिससे दिव्यांग कोटे में लंबित रिक्तियों का बैकलॉग भी भरा जाएगा। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने दी।
मंत्री ने बताया कि गोद लेने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और 16 जिलों में दत्तक ग्रहण एजेंसियां स्थापित की गई हैं। अब तक विदेशों में रहने वाले 1,000 दंपत्तियों ने बच्चों को गोद लिया है। साथ ही फर्जी और मृत व्यक्तियों को जारी 61 करोड़ रुपये की वृद्धावस्था पेंशन की रिकवरी की गई है।
तेजाब हमले के पीड़ितों की मासिक पेंशन 8,000 से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दी गई है। आशिर्वाद योजना के तहत 51,000 रुपये की सहायता दी जाती है और अब तक 1,030 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। आवेदन की समय सीमा एक वर्ष से बढ़ाकर दो वर्ष कर दी गई है तथा अब आवेदन केवल सेवा पोर्टल के माध्यम से ही किए जा सकेंगे।
राज्य में अंतर-जातीय विवाह करने वाले जोड़ों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। 2011 से लंबित मामलों में से 6 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वर्तमान में 23,62,579 बुजुर्गों को 1,500 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है और फर्जी लाभार्थियों के नाम हटाकर 170 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा पर अब तक 2,042 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए मोहाली, अमृतसर और जालंधर में पांच वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाए जा रहे हैं, जिन पर लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सरकार का दावा है कि ये पहल सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएंगी।






