जिला में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू, दो चरणों में होगा कार्य, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
डीसी डॉ. विवेक भारती ने प्रेस वार्ता में दी विस्तृत जानकारी
फ़तेहाबाद, 2 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि जिला में जनगणना से जनकल्याण की थीम पर पहली बार पूर्णत: डिजिटल प्रणाली से जनगणना-2027 का कार्य किया जाएगा। यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि आगामी दशक की विकास नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत संरचना की रूपरेखा तय करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डीसी डॉ. भारती ने बताया कि जनगणना कार्य को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत क्रियान्वित किया जाएगा। लगभग तीन से चार हजार अधिकारी व कर्मचारी इस महाअभियान से जुड़ेंगे। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। डीसी ने सभी जिलावासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं दी।
दो चरणों में होगी जनगणना
डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण: मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 1 मई से 30 मई 2026 तक होगा। दूसरा चरण: जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी।
पहली बार मिलेगा सेल्फ-एन्यूमरेशन का विकल्प
डीसी ने बताया कि इस बार नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-गणना) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जानकारी सबमिट करने पर उन्हें एसएमएस व ई-मेल के जरिए एक विशिष्ट सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी। गणनाकर्मी मौके पर पहुंचकर केवल जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे समय की बचत और आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित होगा।
पूरी तरह डिजिटल और तकनीक आधारित प्रक्रिया
डीसी ने बताया कि इस बार गणनाकर्मी विशेष हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करेंगे, जिसे उनके पंजीकृत निजी मोबाइल उपकरणों पर इंस्टॉल किया जाएगा। यह एप ऑफलाइन मोड में भी कार्य करेगा, जिससे नेटवर्क-विहीन क्षेत्रों में भी कार्य बाधित नहीं होगा। नेटवर्क उपलब्ध होते ही डाटा स्वत: सिंक्रोनाइज हो जाएगा। एप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग, तकनीक आधारित डैशबोर्ड और सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक स्तर पर प्रगति की सतत निगरानी की जाएगी। सभी चार्ज अधिकारियों को आईडी जारी की जा चुकी है तथा 32 फील्ड ट्रेनर्स सहित सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
अधिकारियों की अहम भूमिका
डीसी ने कहा कि एसडीएम, तहसीलदार, नगर परिषद, नगरपालिकाओं और अन्य विभागीय अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन, प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, जिले का शत-प्रतिशत कवरेज तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर नगराधीश गौरव गुप्ता, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जिला जनगणना कोऑर्डिनेटर मेघा, सांख्यिकी अधिकारी प्रवीण, कार्यकारी अभियंता देवेन्द्र सिंह, एआईपीआरओ डॉ. विनय बैनीवाल व नरेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो: फतेहाबाद। लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






