फ़तेहाबाद, 2 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा): सिरसा जिला के प्रभारी व हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुल्लां ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा के आज हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 प्रदेश के संतुलित, समावेशी और भविष्य उन्मुख विकास का स्पष्ट रोडमैप है। विशेष प्रसन्नता का विषय है कि फतेहाबाद जिले को उन 10 शहरों में शामिल किया गया है, जिनके औद्योगिक क्षेत्रों के इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार हेतु ₹500 करोड़ का विशेष फंड निर्धारित किया गया है। इससे पुराने औद्योगिक क्षेत्रों की सड़क, सीवरेज, जल निकासी, बिजली व अन्य आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा और उद्योगों को नई गति मिलेगी।
बजट में हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय के ₹3.95 लाख तक पहुंचने का अनुमान प्रदेश की मजबूत अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। सरकार ने उद्योग, कृषि, पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं के लिए अनेक दूरगामी घोषणाएं की हैं।
किसानों के हित में “हरियाणा एग्री डिस्कॉम” के रूप में नई बिजली कंपनी/बोर्ड के गठन की घोषणा की गई है, जिससे किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन तेजी से उपलब्ध होंगे। 5084 कृषि फीडर और लाखों उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए 1 लाख युवा साथियों को AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में प्रशिक्षण देने का प्रावधान किया गया है तथा AI इनोवेशन चैलेंज की भी घोषणा की गई है। यह हरियाणा को तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके अतिरिक्त—
₹100 करोड़ से “हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड” की स्थापना।
3 लाख 14 वर्षीय किशोरियों का HPV टीकाकरण।
“मेक इन हरियाणा” नीति के तहत एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी बढ़ाकर ₹1 लाख प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष।
अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि।
हांसी को 23वां जिला बनाकर आधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित करने की घोषणा।
यह बजट उद्योग, किसान और युवा—तीनों वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प दर्शाता है। फतेहाबाद को विशेष औद्योगिक सुधार योजना में शामिल करना हमारे जिले के विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।






