नई दिल्ली, 02 मार्च 2026: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान के बढ़ते हमलों ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और भारत की एकजुटता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की गई और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया। उन्होंने सभी पक्षों से जल्द से जल्द शांति बहाल करने की अपील की।
यूएई के राष्ट्रपति के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने हमलों की कड़ी निंदा की और जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए राष्ट्रपति का आभार भी जताया।






