चंडीगढ़, 23 फरवरी 2026: भगवंत मान ने सोमवार को राज्य में खाद्य सुरक्षा और पोषण स्तर को मजबूत करने के उद्देश्य से नई कल्याणकारी पहल ‘मेरी रसोई’ योजना की घोषणा की।
मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गेहूं का वितरण पहले की तरह जारी रहेगा, लेकिन अब पात्र परिवारों को आवश्यक रसोई सामग्री से युक्त एक विशेष फूड किट भी दी जाएगी।
‘मेरी रसोई’ फूड किट में क्या मिलेगा?
योजना के तहत लाभार्थियों को निम्नलिखित सामग्री प्रदान की जाएगी:
2 किलो दाल (मिक्स दाल/चना)
2 किलो चीनी
1 लीटर शुद्ध सरसों का तेल
1 किलो आयोडीन युक्त नमक
200 ग्राम हल्दी पाउडर
मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोई का चूल्हा हर घर का “चार्टर्ड अकाउंटेंट” होता है, क्योंकि वही परिवार की वास्तविक आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “गारंटी का मतलब सिर्फ चुनावी वादा नहीं होता, बल्कि लोगों की ज़मीनी जरूरतों को समझना होता है। केवल गेहूं से रसोई पूरी नहीं होती — तेल, हल्दी और नमक भी उतने ही आवश्यक हैं। हमने यह कदम पंजाब के भोजन को अधिक पौष्टिक बनाने के लिए उठाया है।”
40 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
यह योजना ‘आटा-दाल’ स्कीम के तहत ब्लू राशन कार्ड धारक लगभग 40 लाख परिवारों को सीधे लाभ पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि पीडीएस के माध्यम से वितरित किए जाने वाले गेहूं की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा और किसी भी प्रकार का घटिया अनाज वितरित नहीं किया जाएगा।
राज्य सरकार की इस पहल को आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।






