फ़तेहाबाद , 18 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा): डीसी डॉ. विवेक भारती ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में किसी भी सूरत में इंतकाल के कार्य पेंडिंग नहीं रहने चाहिए और पेपरलेस रजिस्ट्री तिथि बद्ध तरीके से हो और टोकन 5 दिन से ज्यादा पेंडिंग न हो। डीसी बुधवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
इससे पहले हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ.सुमिता मिश्रा ने चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्त व राजस्व अधिकारियों को राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए।
डीसी डॉ. भारती ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य आम जनता से जुड़े हुए है, इनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला राजस्व अधिकारी, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार हर सप्ताह राजस्व विभाग के कार्यों से संबंधित रिपोर्ट दें। डीसी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का तत्परता से समाधान करे। इनमें मुख्यत: डीड रजिस्ट्री, इंतकाल, निशानदेही, जमाबंदी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, आवश्यक विभाजन मामले, राष्ट्रीय राजमार्ग के मध्यस्थता, सरकारी जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार करना, एग्रीस्टेक पंजीकरण से संबंधित मामले शामिल है। उन्होंने कहा कि उक्त मामलों को लंबित न रखें, बल्कि उनका निपटारा किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो :लघु सचिवालय के एनआईसी रूम में आयोजित वीसी के दौरान उपस्थित उपायुक्त डॉ. विवेक भारती।






