शो में पंजाब समेत देशभर से लगभग 32 नस्लों के 233 कुत्तों ने लिया हिस्सा
डोबर्मैन, अफगान हाउंड, बॉक्सर, रॉटवीलर, लैब्राडोर, बीगल, जी.एस.डी., साइबेरियन हस्की, कैरावन हाउंड, राजापालयम, बिचोन फ्राइज और डचशुंड (वायर हेयर्ड) विशेष आकर्षण का केंद्र रहे
पटियाला, 15 फरवरी, 2026: पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल-2026 के चौथे दिन आज यहां पोलो ग्राउंड में जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित पटियाला केनल क्लब के 64वें और 65वें ऑल ब्रीड चैंपियनशिप डॉग शो ने दर्शकों का खूब ध्यान आकर्षित किया। इस शो में लगभग 32 नस्लों के 233 कुत्तों ने हिस्सा लिया। इनमें डोबर्मैन नस्ल के 26, पोमेरेनियन के 16, जर्मन शेफर्ड नस्ल के 25, लैब्राडोर नस्ल के 22, गोल्डन रिट्रीवर के 18 और बीगल नस्ल के 15 कुत्ते शामिल थे।
इस दौरान विशेष रूप से पटियाला के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अवतार सिंह, लुधियाना के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरप्रताप सिंह, ए.डी.सी. (शहरी विकास) डॉ. इस्मत विजय सिंह और एस.डी.एम. हरजोत कौर मावी सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध डॉग शो के जज भी उपस्थित रहे।
डॉ. इस्मत विजय सिंह ने बताया कि पटियाला केनल क्लब पिछले 35 वर्षों से लगातार हर वर्ष इस शो का आयोजन कर रहा है। इन 65 ऑल ब्रीड शो के अलावा पटियाला केनल क्लब द्वारा अब तक पांच जी.एस.डी. स्पेशलिटी शो भी आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें एक दिन-रात का शो भी शामिल है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के जजों द्वारा जज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि केनल क्लब ऑफ इंडिया द्वारा पटियाला केनल क्लब को उन नोडल क्लबों में चुना गया है, जहां देशभर के शो में ‘डॉग ऑफ द ईयर’, ‘रिजर्व डॉग ऑफ द ईयर’, ‘बेस्ट पप्पी ऑफ द ईयर’ और ‘बेस्ट ब्रीड इन इंडिया डॉग ऑफ द ईयर’ के चयन के लिए अंक प्रदान किए जाते हैं। पटियाला के पोलो ग्राउंड में आयोजित इस शो को जज करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के जज दिल्ली से अंजली वैद और कोयंबटूर से एस. कृष्णामूर्ति पहुंचे थे।
इस शो में पंजाब के अलावा देशभर से जैसे कि कन्याकुमारी, कोयंबटूर, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और अन्य राज्यों से कुत्तों के मालिक अपने पालतू कुत्तों के साथ पहुंचे थे। शो में डोबर्मैन, अफगान हाउंड, बॉक्सर, रॉटवीलर, लैब्राडोर, बीगल, जी.एस.डी., साइबेरियन हस्की, कैरावन हाउंड, राजापालयम, बिचोन फ्राइज और डचशुंड (वायर हेयर्ड) आदि विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर शो के लिए एक सुंदर स्मारिका भी जारी की गई।






