टेलीग्राम के माध्यम से निवेश के नाम पर की गई थी ठगी
भुना, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना भुना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी तुलसी राम मीणा पुत्र हेमराज मीणा निवासी गांव सरदारपुरा, जिला टोंक (राजस्थान) को पूछताछ उपरांत नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
थाना भुना प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि शिकायतकर्ता पीड़िता, जो एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं, ने थाना भुना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार दिनांक 20.12.2025 को टेलीग्राम चैनल पर निवेश के नाम पर विज्ञापन देखकर वह साइबर ठगों के संपर्क में आईं। आरोपियों द्वारा विभिन्न यूपीआई आईडी के माध्यम से निवेश, जीएसटी एवं विड्रॉअल शुल्क के नाम पर कुल 39,615.20 रुपये की ठगी की गई।
पीड़िता द्वारा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के उपरांत थाना भुना में अभियोग संख्या 05 दिनांक 05.01.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 316(2) एवं 318(4) में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया गया।
मामले की जांच नियमानुसार जारी है तथा साइबर धोखाधड़ी में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।






