ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जागरूकता व काउंसलिंग
नशे के विरुद्ध पुलिस की सतत पहल, ड्रग पीड़ितों को उपचार की दिशा में किया गया प्रेरित
फतेहाबाद, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा मुक्ति की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उपचार व परामर्श के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
अभियान के दौरान टीम द्वारा भट्टू कलां, किरढान एवं ब्राह्मणवाला क्षेत्रों में पूर्व में विशेष रूप से चिन्हित ड्रग पीड़ितों की स्थिति की जांच की गई। इसके अतिरिक्त गुरुनानकपुरा फतेहाबाद, धागड़ तथा भोड़ियाखेड़ा में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से युवाओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
एसआई सुंदर ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 04 ड्रग पीड़ितों को चिन्हित किया गया, जिनकी काउंसलिंग कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। काउंसलिंग उपरांत संबंधित ड्रग पीड़ितों को प्रारंभिक उपचार के रूप में आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही आवश्यकता अनुसार आगे के उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज के लिए गंभीर समस्या बन जाता है। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान, काउंसलिंग एवं उपचारात्मक प्रयास लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित किया जा सके।






