HomeHaryanaउपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने जन शिकायतों के त्वरित निपटारे व कार्यालय...

उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने जन शिकायतों के त्वरित निपटारे व कार्यालय में स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश

उपायुक्त सेमग्रस्त गांवों की करेंगे फिजिकल विजिट, कृषि विभाग को दिए प्राकृतिक खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने व किसानों को जोडऩे के निर्देश

13 फरवरी से शुरू होगा टोहाना का नया बस स्टैंड, हैप्पी कार्ड वितरण 97 प्रतिशत पूर्ण

फ़तेहाबाद, 10 फरवरी, 2026 (संजीव शर्मा):  अधिकारी बोर्ड की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जन संवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी, सीपीग्राम, समाधान शिविर एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालयों में पुराने व गैर-आवश्यक रिकॉर्ड को वीड आउट कर लेबलिंग करने, कार्यालयों के बाहर प्रॉपर साइन बोर्ड लगाने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी विभागों को विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सेमग्रस्त गांवों की फिजिकल विजिट कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि आगामी सीजन में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उपायुक्त स्वयं प्रत्येक गांव की मॉनिटरिंग करेंगे। डीसी ने संबंधित विभागों को सोलर पंपों के संचालन की अपडेटेड स्थिति उपलब्ध कराने को कहा।
रोडवेज विभाग से टीएम सुरेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि 13 फरवरी से टोहाना का नया बस स्टैंड संचालन में आ जाएगा। जिले में कुल प्राप्त 1,55,097 हैप्पी कार्डों में से 97 प्रतिशत यानी 1,50,457 लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। रोडवेज चेकिंग स्टाफ द्वारा जनवरी 2026 में 1,723 बसों की जांच कर बिना टिकट यात्रियों से 1,22,550 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं भूना स्थित चालक प्रशिक्षण स्कूल में प्रतिमाह 120 उम्मीदवारों को हैवी चालक लाइसेंस हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को गेहूं सीजन की समय रहते तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए। डीएफएससी ने बताया कि जिले में 155 पेट्रोल पंप और 23 गैस एजेंसियां हैं, जिनकी नियमित जांच की जा रही है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने अवगत कराया कि हर खेत स्वच्छ खेत अभियान के तहत 82 हजार किसानों के सॉइल सैंपल लिए जा चुके हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि किसानों को नेचुरल फार्मिंग के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए, प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ाया जाए तथा संबंधित अधिकारियों व किसानों के साथ आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। बैठक में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत प्राप्त 903 आवेदनों में से 792 को स्वीकृति दी जा चुकी है। बैठक में नगराधीश गौरव गुप्ता, सीईओ जिला परिषद सुरेश कुमार, सीएमजीजीए विनय यादव, जिला वन अधिकारी राजेश लीलड, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई, डीटीपी राजकीर्ति, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड सचिव विंग कमांडर सुजाता, जिला कल्याण अधिकारी विनोद चावला, सिविल सर्जन डॉ. बुधराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments