मानसा, 07 फरवरी 2026: मानसा से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यह हादसा कस्बा सरदूलगढ़ के पास सरदूले गांव के नजदीक हुआ, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर हरियाणा के सिरसा जिले लौट रहा था। हादसा मानसा-सिरसा रोड पर सरदूले गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही सरदूलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सरदूलगढ़ के एसएचओ गणेश वार ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।






