युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक 12 हजार से अधिक शिकायतें, 90 हजार से ज्यादा नशा पीड़ितों का हुआ उपचार
दिड़बा, 10 जून: 
बैठक को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने गांवों के सरपंचों, पंचों, डिफेंस कमेटियों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चीमा ने बताया कि राज्य में नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पंजाब पुलिस को आधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम उपलब्ध कराया गया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। इसके साथ ही नशों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक नशों से संबंधित 12 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जबकि 2500 से अधिक नशा पीड़ित व्यक्तियों के बारे में सूचनाएं मिली हैं। लोगों के सहयोग से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 60 हजार से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार नशा पीड़ितों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। अब तक 90 हजार से अधिक नशा प्रभावित व्यक्तियों का उपचार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशा पीड़ितों को समाज से अलग करने के बजाय प्रेम, सहानुभूति और सहयोग के साथ सामान्य जीवन की ओर वापस लाने की आवश्यकता है।
हरपाल सिंह चीमा ने युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि खेल नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार हैं। इसी उद्देश्य से पंजाब सरकार गांवों में आधुनिक खेल स्टेडियमों का निर्माण कर रही है। उन्होंने बताया कि दिड़बा क्षेत्र के कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर पंजाब और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नशे के खिलाफ किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई तथा अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए गए। इस अवसर पर नशों की रोकथाम के लिए गठित डिफेंस कमेटियों के सदस्यों को पहचान पत्र भी वितरित किए गए।






